दिल्ली-एनसीआर में उसम भरी गर्मी रविवार को भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली का तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं। बारिश की उम्मीद कर रहे लोगों को एक दिन और इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को बारिश हो सकती है। बारिश होने से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। दरअसल, मानसून 25 जून को ही आ गया था लेकिन लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली है। इसकी मुख्य वजह है मानसून कमजोर चल रहा है जिसकी वजह से लोगों को निराशा हाथ लगी है। इससे पहले शनिवार को दिन में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री तो अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस रहा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में मानसून 25 जून को ही आ चुका है लेकिन बारिश कम होने का अनुमान है। 28 जून यानी रविवार को मौसम साफ रहेगा। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। दिल्ली में मानसून की दस्तक भले हो गई हो, लेकिन शुरुआत बहुत ही कमजोर चल रही है। न तो बृहस्पतिवार को ही कोई खास बारिश हुई और न शुक्रवार को। हालांकि बादल तो दिन भर छाए रहे, मगर बरसे कुछ खास नहीं। हालांकि मौसम विभाग ने अपने पूर्वानमान में सप्ताह भर तक कमोबेश रोज ही हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को बादल सुबह से ही सूरज के साथ आंखमिचौली खेल रहे थे। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस का स्तर 56 से 94 फीसद दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं हुई। सफदरजंग में 2.2 मि.मी., पालम में 4.7 मि.मी., लोधी रोड पर 0.5 और स्पोर्टस काम्प्लेक्स में एक मि.मी. बारिश हुई।